हिंदी पखवाड़ा एवं राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह -2026
सितम्बर माह के दौरान कार्यालय में राजभाषा के प्रति कार्मिकों में पूर्ण उत्साह देखने को मिला। यह उत्साह वर्ष भर जारी रहना चाहिए। हिन्दी में कार्य करना आज संकोच का विषय नहीं है अपितु गौरव और स्वाभिमान की बात है।”
ये विचार श्री विजय रंजन सिंह, अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक, एसपीएमसीआईएल ने राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अपने अध्यक्षीय संबोधन में व्यक्त किए। सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसपीएमसीआईएल) के निगमित कार्यालय में संघ की राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कार्मिकों में राजभाषा के प्रति रुचि तथा जागरूकता उत्पन करने के उद्देश्य से
हिंदी पखवाड़ा-14.09.2026 से 29.09.2026 तक आयोजित किया गया। राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह दिनांक 14 अक्तूबर 2026 को अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
हिंदी पखवाड़े के दौरान निगम कार्यालय में हिंदी निबंध लेखन, श्रुतलेखन, हिंदी संबोधन, वाद-विवाद एवं राजभाषा प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिताओं में नवाचार, व्यापक सहभागिता तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को विशेष प्राथमिकता दी गई। निगम कार्यालय के साथ-साथ नियंत्रणाधीन इकाइयों के कार्मिकों को भी अंतर-इकाई प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी भाषायी दक्षता एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया गया।
समारोह में निदेशक (मानव संसाधन), निदेशक (वित्त), निदेशक (तकनीकी), मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) समूचे वरिष्ठ प्रबंधन की उपस्थिति से सभी उपस्थित जनों के मध्य हिन्दी के प्रति प्रतिबद्धता एवं दायित्वबोध का संदेश लेकर आया। निदेशक (मानव संसाधन) ने अपने संबोधन में हिन्दी के प्रयोग के संबंध में नवीनतम तकनीक एवं उपायों की रोचक जानकारी प्रदान की तथा इनका दैनिक कार्यों में उपयोग करने का आह्वान किया।
इस आयोजन में आमंत्रित कवयित्री श्रीमती सरला मिश्रा द्वारा सरस्वती वंदना, हिन्दी की शक्ति एवं सामर्थ्य से संबंधित कविताओं का उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने आनन्द उठाया।
इस अवसर पर निगम की गृह राजभाषा पत्रिका ‘अभिव्यक्ति’ के सातवें अंक का वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा विमोचन किया
गया।


